हरछठ मनाकर की संतान की लंबी आयु की कामना
बैतूल। बुधवार को महिलाओं ने हरछठ माता का व्रत कर अपने पुत्र की लम्बी आयु के लिए कैलाश नामदेव के निवास गणेश वार्ड चुन्नीढाना बैतूल गंज पर सामूहिक पूजन किया। इस मौके पर सुनीता राठौर व द्वारका भोले ने बताया कि महिलाएं संतान की लंबी आयु के लिए हरछठ का व्रत रखती हैं। यह व्रत पुत्रों की दीर्घ आयु और उनकी सम्पन्नता के लिए किया जाता है। इस व्रत में महिलाएं प्रति पुत्र के हिसाब से छह छोटे मिट्टी या चीनी के वर्तनों में पांच या सात भुने हुए अनाज या मेवा भरतीं हैं। जारी पौधे की एक शाखा ,पलाश की एक शाखा और नारी (एक प्रकार की लता ) की एक शाखा को भूमि या किसी मिटटी भरे गमले में गाड़ कर पूजन किया जाता है। महिलाएं पडिय़ा वाली भैंस के दूध से बने दही और सूखे फूल को पलाश के पत्ते पर खा कर व्रत का समापन करतीं हैं। ज्योति राठौर व ममता भोले ने बताया कि भगवान कृष्ण के बड़े भाई हलधर बलराम का अस्त्र हल होने की वजह से महिलाएं हल का भी पूजन करती है। यह व्रत बलराम जी के जन्म के उपलक्ष्य में भी मनाया जाता है इसलिए इस व्रत में हल से जुते हुए अनाज व सब्जियों का सेवन नहीं किया जाता है और इस व्रत में गाय का दूध व दही इस्तेमाल में नहीं लाया जाता है इस दिन महिलाएं भैंस का दूध ,घी व दही इस्तेमाल करती हैं। इस अवसर पर कृष्णा नामदेव, कीर्ति नामदेव, मीना तोमर, ममता वाडिवा, बीना भल्लावी, पूजा भोले, निधी ठाकूर, शांति बाघमारे, कविता सहित अनेक महिलाओं ने हरछठ माता से अपने पुत्र की लम्बी आयु की कामना की।

Comments

Popular posts from this blog