नपा स्वीमिंग पूल को निजी हाथों में न सौंपे
तरणताल युवा समिति के युवाओं ने सौंपा ज्ञापन
बैतूल। वीर सावरकर तरणताल के नगर पालिका परिषद द्वारा निजीकरण के विरोध में स्थानीय युवाओं ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी बैतूल को ज्ञापन सौंपा। इस संबंध में राजा साहू और हेमंत बतरा ने बताया कि बैतूल नगरपालिका तैराकी प्रतिभाओं के भविष्य धकेलने के प्रयास कर रही है और वीर सावरकर तरणताल बैतूल को किराए पर देने की बात कह रही है। जबकि नगरपालिका अध्यक्ष एवं नगरपालिका परिषद बैतूल द्वारा पूर्व में तरणताल संचालन हेतु एक समिति बनाई गई थी जिसमें नपा बैतूल अध्यक्ष, उपध्याक्ष, जिला कलेक्टर, एसपी, सांसद बैतूल व बैतूल विधायक सहित अन्य सदस्यों को शामिल किया गया था। इस समिति द्वारा नगरपालिका के साथ मिलकर वीरसावरकर तरणताल का अच्छी तरह संचालन किया जा रहा था । वहीं अब नगरपालिका द्वारा संचालन समिति को अकारण ही भंग कर नगरपालिका उक्त तरणताल को ठेके पर देने की बात कही जा रही है। आरबी मेमन और संजय शुक्ला ने बताया वर्तमान में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को तरणताल में नाम मात्र के लगभग प्रतिवर्ष 1000 रूपए शुल्क पर नए बच्चों को प्रतिवर्ष तैराकी प्रशिक्षण दिया जाता है। नगरपालिका के वीरसावरकर तरणताल से जिले की अनेक प्रतिभाएं राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर तक पहुंच चुकी है और स्वमिंग कम्पीटीशन मे बैतूल जिले का नाम रोशन किया है। वहीं बैतूल कई छात्रों का स्विमिंग अकेडमी में सलेक्शन भी हुआ है। अभी जो शुल्क लिया जा रहा है उसमें जिनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है वह भी आ रहें हैं और निजीकरण होने की दशा में शुल्क बढऩे के उपरांत स्वीमिंग उनकी पहुंच से बाहर हो जाएगी। अब नगर पालिका अपने फायदे के लिये तरणताल को भी ठेके पर देकर इन उभरती प्रतिभाओं का गला दबोचने वाली है। ज्ञापन में मांग की गई है कि तरणताल को निजी हाथों में सौंपने की जगह इसका संचालन यथावत किया जाए। ज्ञापन सौंपते समय बड़ी संख्या में युवा मौजूद थे। 


Comments

Popular posts from this blog