राखी बंधवाकर भावुक हुए कैदी। दोबारा जुर्म व नशा न करने का किया संकल्प
श्री योग वेदांत सेवा समिति,युवा सेवा संघ व महिला उत्थान मंडल ने जिला जेल में किया कार्यक्रम
कैदियों को नए वस्त्र व मिठाई के साथ सत्साहित्य भी किया वितरित
बैतूल। रक्षाबंधन के पवित्र त्यौहार पर किसी भी कैदी की कलाई सूनी न रहे व आध्यात्मिक उन्नति के साथ उनका भी जीवन परिवर्तित हो। इस उद्देश्य को ध्यान रखते हुए संत श्री आशारामजी बापू के प्रेरणा से श्री योग वेदांत सेवा समिति,युवा सेवा संघ व महिला उत्थान मंडल बैतूल के संयुक्त तत्वावधान में रक्षाबंधन पर्व पर जिला जेल बैतूल में मंगलवार को रक्षाबंधन कार्यक्रम जेल अधीक्षक बीआर कूड़ापे, जेलर योगेंद्र पंवार, युवा सेवा संघ बैतूल के जिलाध्यक्ष राजेश मदान व महिला उत्थान मंडल की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता अनेराव की उपस्थिति में आयोजित किया। राजेश मदान ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत ओमकार गुंजन व गुरु प्रार्थना करके की गई। इस मौके पर श्री कूड़ापे ने कहा कि समिति द्वारा किया गया यह प्रयास बहुत सराहनीय है। उन्होने कहा कि कैदी के लिए भी यह बहुत विशेष अवसर होता है और ऐसे में किसी भी कैदी भाई की कलाई सूनी न रहे इस पवित्र उद्देश्य को देखते हुए सभी कैदी भाईयों को रक्षा सूत्र बंधवाने के साथ ही जीवन में दोबारा जुर्म व नशा न करने का वचन देकर उसे दृढ़ता से निभाना भी चाहिए। जेलर योगेंद्र पंवार ने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के पवित्र प्रेम का प्रतीक है आज सभी कैदियों ने राखी बांधने पधारी बहनों को रक्षा के वचन के साथ बुराई छोडऩे व अपराध न करने का भी वचन दिया है और हमें आशा है कि वे इस संकल्प को पूरा करेंगे। श्री मदान ने कहा कि जेल भी एक तपस्या स्थली है, यहां रहने वाले कैदी ध्यान,भजन,सत्संग व योग प्राणायाम कर आध्यात्मिक उन्नति कर अपने जीवन में परिवर्तन ला सकते है। उन्होंने कहा कि जेल के समस्त कैदियों को साधिका बहनों द्वारा यौगिक प्रयोग कराने के साथ रक्षासूत्र बांधकर उनसे जीवन में दोबारा जुर्म व नशा न करने का संकल्प कराया गया और मिठाई के साथ संत श्री आशारामजी बापू का सत्साहित्य भी सप्रेम भेंट किए। महिला बंदियों व बच्चों को भी रक्षा सूत्र बांधकर नए वस्त्र,मिठाई व साहित्य भेंट किया। इस भावपूर्ण आयोजन से बहनों की याद में कई कैदियों की व भाईयों की याद में कैदी बहनों की आंखे भर आईं। आयोजित कार्यक्रम का संचालन महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता अनेराव व आभार जिलाध्यक्ष राजेश मदान ने व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में समिति की सुनीता आरआर अनेराव, हनुमंतराव बर्डे, विजय आँवठे, प्रियंका बर्डे, रामप्यारी सिमैया,कांति वर्मा, भूपेंद्र सिसोदिया, अन्नू थारवानी, अनिता मानकर व अन्य साधकों का सहयोग सराहनीय रहा। इस अवसर पर समस्त जेल स्टाफ मौजूद था।


Comments
Post a Comment