एड्स पीडि़त से घृणा नहीं सहयोग करें
गीत, कव्वाली और संवाद के माध्यम से चलाया जा रहा एड्स जागरूकता अभियान


बैतूल। मप्र राज्य एड्स नियंत्रण समिति भोपाल के सहयोग से और शासन के निर्देशानुसार बैतूल जिले में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से एचआईवी, एड्स, टीबी के प्रति जागरूता अभियान चलाया जा रहा है। इसी तारतम्य में राज भारती कला संगम भोपाल के कलाकारों द्वारा नाटक के माध्यम से एचआईवी, एड्स जैसे गंभीर असाध्य रोग की जानकारी दी जा रही है। नाटक के कलाकारों द्वारा दर्शकों को एचआईवी एड्स के विषय में मनोरंजक तरीके से गीत, कव्वाली और संवाद के माध्यम से जानकारी दी जा रही और इससे बचाव के उपाय भी बताए जा रहें हैं। कलाकारों ने संक्रमित सुई से बचने, असुरक्षित तरीके से यौन संबंध न बनाने, संक्रमित रक्त चढ़ाने एवं संक्रमित माता से होने वाले बच्चों में एड्स होने का कारण बताते हुए, नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। कलाकरों ने लोगो को बताया कि एड्स पीडि़त व्यक्ति से हाथ मिलाने या एक साथ बैठने आदि से संक्रमण नहीं फैलता है। नाटक के माध्यम से कलाकारों ने समाज को यह संदेश दिया कि एड्स छुआ छूत की बीमारी नहीं है। एड्स पीडि़त व्यक्ति से घृणा की जगह प्यार करें। कलाकार दल के कलाकार राजभारती ने बताया कि एड्स जैसी घातक रोग से इन नाटकों के माध्यम से अप्रवासी मजदूरों को जागरूक किया जा रहा है। मदन भट्ट ने कहा कि एड्स संबंधी जानकारी के लिए सातों दिन और चौबीस घंटे टोल फ्री नंबर 1097 पर संपर्क कर शंका का समाधान और जानकारी प्राप्त की जा सकती है। कलाकार दल में दविन्द्रर सिंह, दशरथ जाटव, सीमा किरण, विशाल, इमरान शामिल हैं। इसके अलावा कलाकारों द्वारा एड्स से जुड़ी जानकारियों के साहित्य का वितरण भी किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने इस नाटक की सराहना की है। 

Comments

Popular posts from this blog