बैंड,बाजा, बारात हुई बंद, बैंड वालों के सामने आर्थिक संकट
बैतूल। कोरोना वायरस माहमारी के चलते पूरे देश में लॉक डाऊन चल रहा है। वहीं शासन-प्रशासन द्वारा तीसरे चरण में बहुत कुछ रियायतें तो दी है लेकिन कुछ निचले तबके के लेागों को रोजी-रोटी का डर सताने लगा है। जिसके चलते जिला बैतूल बैंड वेलफेयर सोसायटी बैतूल ने जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री के नाम से ज्ञापन देकर आर्थिक सहायता और लोन प्रदान करने की गुहार लगाई। इस संबंध में समिति के रविन्द्र खंडारे व देवेन्द्र लांगड़े ने बताया कि कोरोना वायरस के चलते जहां लाकडाऊन की स्थिति बनी है जिससे सभी धार्मिक व विवाह जैसे आयोजनों पर रोक लगाई गई जिससे बैंड पार्टी वाले के लिए विवाह का यह सीजन खाली रहेगा। जिससे बैंड पार्टियों को अपने परिवार के भरण-पोषण की चिंता सताने लगी है क्योंकि इस सब का परिवार मांगलिक, विवाह आदि पर ही निर्भर रहता है। संजय जौंधलेकर व बंटी चौहान ने बताया कि इन्हीं तीन माह की आमदनी पर इनके परिवार का जीवन यापन होता है। रवि खड़से ने बताया कि हमने ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से मांग की इन सभी परिवारों को आर्थिक सहायता राशि मुहैया कराई जाए और हम लेागों को न्यूनत्तम दरों पर लोन उपलब्ध किया जाए।

Comments
Post a Comment