नपा की उदासीनता के चलते
बहुमूल्य पानी मुख्य मार्गो पर बह रहा
बैतूल। जब रोम जल रहा था तब नीरो चैन की बंसी बजा रहा था। ऐसा ही कुछ शहर में देखने को मिल रहा है। गंज प्रायमरी स्कूल से बाबू चौक तक मुख्य मार्गो से पाईप लाईन फूटी हैं जिसके कारण पानी बहकर रोड पर आ रहा है। गौरतलब है कि पुराने ट्रेक रिकार्ड को देखते हुए कुछ दिनों के बाद ही पानी की कमी को झेलना पड़ सकता है। ऐसे में पानी का व्यर्थ बहना नगर पालिका परिषद की लापरवाही को दर्शाता है। वार्डवासी ने बताया कि मौखिक रूप से सीएमओ ओपी भदोरिया से विगत 10-15 दिनों पहले निवेदन किया गया था। साथ ही सीएम हेल्प लाई में शिकायत भी दर्ज की जा चुकी है, परन्तु कोई कार्यवाही नहीं की गई थी। जब शहर के मुख्य मार्गो पर यह आलम है तो अन्य जगह का क्या हाल है समझा जा सकता है। अभी भी एक दिन की आड़ में नल आ रहें हैं। रोज पानी की आपूर्ति नहीं करना दर्शाता है कि पानी पर्याप्त नहीं है तो ऐसे में पानी को व्यर्थ बहने देने समझ से परे है और स्थानीय जनप्रतिनिधि का मौन भी सवालिया निशान पैदा करता है।
कॉलेज चौक से मस्जिद चौक तक टू वे सडक़ बनने वाली है जो हाथी नाले तक लगभग बन चुकी है। मस्जिद चौक से बाबू चौक तक अक्सर पाईप लाईन फूट जाती है। जिसके कारण रोड को खोदना पड़ता है। बेहतर होगा की रोड बनने से पूर्व यह पाईप लेन बदल दी जाए क्योंकि यह विगत 25-30 वर्षो पुरानी हो चुकी है। पाईप लाईन नहीं बदली गई तो नई बनी रोड को बार-बार खोदना पड़ेगा।

Comments
Post a Comment