जिले के विद्यालयों में पूजे गए हजारों माता-पिता
हर्षोउल्लास से मनाया मातृ-पितृ पूजन दिवस
बैतूल। श्रीयोग वेदांत सेवा समिति, युवा सेवा संघ बैतूल व महिला उत्थान मंडल के तत्वावधान में जिले के शासकीय व अशासकीय विद्यालयों, मंदिरों, वृद्धाश्रमों, बाल संस्कार केन्द्रों में शुक्रवार को मातृ-पितृ पूजन दिवस पूर्ण हर्षोउल्लास से मनाया गया। युवा सेवा संघ के जिला अध्यक्ष राजेश मदान ने बताया कि मुख्य आयोजन भारती आवासीय विद्यालय में सांसद डीडी उइके के आतिथ्य में और विद्यालय के सचिव मोहन नागर की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलित कर किया गया। राजेश मदान ने मातृ-पितृ दिवस की प्रस्तावना प्रस्तुत की। तत्पश्चात विद्यालय में उपस्थित गुरूजनों को मातृ-पितृ के रूप में तिलक लगाकर व पुष्पमाला पहनाकर आरती, पूजन व परिक्रमा की गई। इस मौके पर डीडी उइके ने कहा कि भारत को विश्व गुरू बनाने की दिशा में पूज्य बापूजी की प्रेरणा से मातृ-पितृ पूजन दिवस समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जो विद्यार्थी माता-पिता का आदर करेंगे वे वेलेन्टाईन डे मनाकर अपना चरित्र भ्रष्ट नहीं कर सकते हैं। भारतीय संस्कृति के पर्वो का हम भरपूर लाभ उठाएं। इस आयोजन के लिए मैं समिति को साधुवाद देता हूं। मोहन नागर ने कहा कि हमारी भारतीय संस्कृति हमें बांटना सिखाती है यह हमारी परंपरा है, भारतीय संस्कृति से ही विश्व बचेगा। मातृ-पितृ आयोजन भी हमारी संस्कृति का हिस्सा है, ना की वेलेन्टाईन डे। यह आयोजन बच्चों में माता-पिता व गुरूजनों के प्रति आदर की भावना जाग्रत कर रहा है। लिटिल चैम्प पब्लिक स्कूल, श्री अग्रसेन महाराज, एमएलबी स्कूल, गायत्री मंदिर, प्रिंस स्कूल आठनेर, वैष्णवी पब्लिक स्कूल, सुभाष स्कूल, तपश्री विद्या मंदिर, ईएलसी स्कूल सहित पूरे जिले की शैक्षेणिक संस्थाओं, घर-घर व कॉलोनियों में मातृ-पितृ दिवस मनाया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सुरेन्द्र कुंभारे, रविकांत आर्य, अनूप मालवीय, एलबी गायकवाड़, प्रभाशंकर वर्मा, राजू हिंगवे, सुनीता अनेराव का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से तुलिका पचौरी, मीना खंडेलवाल, कंचन आहूजा, तिडग़ाम मैडम, मिश्रा मैडम, भारत भारती विद्यालय प्राचार्य राहुल देव ठाकरे मौजूद थे।


Comments
Post a Comment