श्रद्धा और धूमधाम से मनाई भैरव जयंती
बैतूल। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भगवान परशुराम चौक सागौन बाबा दरबार में श्री सागौन बाबा दरबार निराला समिति द्वारा भगवान श्री बटुकनाथ काल भैरव जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर समिति के सदस्य अनिल कुबड़े ने बताया कि मंगलवार को भगवान श्री बटुकनाथ काल भैरव जयंती के उपलक्ष्य में श्री बटुकनाथ काल भैरव का अभिषेक, हवन-पूजन और श्रृंगार, उत्सव आयोजित किया गया। दोपहर प्रसादी वितरण और भण्डारे का आयोजन भी किया किया गया। श्री कुबड़े ने कहा कि भैरव, शिव के गण और पार्वती के अनुचर माने जाते हैं। सच्चे मन से जो भी इनकी उपासना करता है,उसकी सुरक्षा का भार ये स्वयं उठाते हैं और अपने भक्तों की समस्त मनोकामनाओं को पूरा करते हैं। साथ ही भैरवजी की पूजा से भूत-प्रेत,नकारात्मक शक्तियां और ऊपरी बाधा आदि जैसी समस्याएं भी दूर होती हैं। हजारों श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ बाबा भैरव का दर्शन लाभ और प्रसादी ग्रहण की।

Comments
Post a Comment