आधे घंटे की वर्षा से मुख्य मार्ग पर जमा हुआ नाली का बदबुदार पानी

सडक़ तो संभल नहीं रही नाली ही संभाल लो:स्थानीय रहवासी



बैतूल। सडक़ों के मामले में फिसड्डी नगर पालिका से नालियां तक नहीं संभाली जा रही है। शनिवार दोपहर लगभग आधे घंटे की बारिश ने फिर एक बार नगर पालिका की पोल खोल दी। शहर के व्यवस्तम और मुख्यमार्ग मस्जिद चौक से बाबू चौक के बीच नाली बुरी तरह से चोक हो गई जिससे नाली का बदबुदार पानी सडक़ पर लबालब भरकर जमा हो गया। इस संबंध में पहले भी वार्डवासियों ने नगरपालिका के अधिकारी और कर्मचारियों आरआई ब्रजगोपाल परते, एआई धुर्वे, आरआई राजेश कुमार सोनी, सतीश कोल्हेकर सहित गणेश वार्ड पार्षद विजय जसुजा से गुहार लगा चुके हैं। लेकिन हर बार कि तरह वही ढाक के तीन पात। इस मौके पर राजु पंवार ने बताया कि नालियों के ऊपर पक्के लैंटर बन गए हैं जिससे नाली की सफाई नहीं हो पाती है। बलदेव कुमार ने बताया कि लेंटर हटाने के लिए नपा के उक्त अधिकारियों से कई बार संपर्क किया है। परन्तु कोई कार्यवाही नहीं की है। विजय शर्मा ने बताया कि नाली जो कि बाबू चौक से निकलती है वहां छोटा सा पाईप है जिसके कारण पानी नहीं निकल पा रहा है जिसके लिए पार्षद को कई बार अवगत कराया गया परन्तु वह भी उदासीन ही दिखे। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि मुख्य और व्यस्तम मार्ग के ऐसे हालात है तो अन्य जगहों के क्या हाल  होंगे। स्थानीय रहवासी स्वयं ही बांस आदि से लेंटर में फंसी पन्नीयों को बांस से धकेल कर निकाल रहें हैं। जिससे पानी की निकासी हो सके। अब जबकि कई स्थानों पर डेंगू ने दस्तक दी है ऐसे में देखना होगा कि नपा के कर्मचारियों की नींद खुलती है या नहीं। वार्डवासियों ने नपा अध्यक्ष और नपा मुख्य अधिकारी से समस्या के निराकरण की मांग की है। 

Comments

Popular posts from this blog