आखिरी सांस तक सेवा कार्य में जुटे रहेंगे
वरिष्ठ नागरिक संगठन की साधारण सभा संपन्नबैतूल। वरिष्ठ नागरिक संगठन का 28वां सर्वसाधारण सभा गुरूवार को डॉ.शैला मुले के फार्म हाउस चक्कर रोड में संपन्न हुई। कार्यक्रम शिवप्रसाद राठौर, राजीव खंडेलवाल, हरदीप सिंह के आतिथ्य में आयोजित किया गया। संगठन के सचिव केके पांडे ने विगत वर्षो के प्रतिवेदन का वाचन करते हुए बताया कि वरिष्ठ नागरिक संगठन द्वारा विगत 28 वर्षो से जिले के आदिवासी क्षेत्रों में रहने वाली गरीब जनता की तन-मन-धन से सहायता कर रहा है। संगठन के सचिव केके पांडे ने अपने प्रतिवेदन में कहा कि संगठन अभी तक 10474 मरीजों के मोतिया बिंद के निशुल्क ऑपरेशन करवाए, और वृद्ध आदिवासियों को 2900 ऊनी कंबल, 200 टोपे, महिलाओं और बालक-बालिकाओं को पहनने के कपड़े वितरित किए। साथ ही प्रत्येक शिविर में लगभग 800 -900 लोगों को भोजन महिलाओं को साड़ी ब्लाउज, सुहाग सामग्री और बालक-बालिकाओं को कपड़े वितरित किए। इस सभा में 80 वर्ष और उससे अधिक आयु के संगठन सदस्यों को अतिथ्यों ने शाल श्रीफल, स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। संगठन की प्रत्येक गतिविधि में अपनी इच्छा से पूर्ण सेवा प्रदान करने वाले 12 सदस्यों को सम्मानित किया गया। सभा के अंत में संस्था की अध्यक्ष डॉ.शैला मुले ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन में लगभग सभी 80 वर्ष से ऊपर के सदस्य शामिल हैं और हम अंतिम सांस तक लोगों की सेवा कार्य में जुटे रहेंगे। अतिथियों ने संगठन के द्वारा किए जा रहे कार्यो की प्रशंसा करते हुए अनुपम और अनुकरणीय बताते हुए कहा कि इस उम्र में संगठन के लोगों का जज्बा देखते ही बनता है। कार्यक्रम के अंत में संस्था के दिवंगत उपाध्यक्ष डॉ.जेएस तिवारी, पं.मदनमोहन मालवीय को श्रद्धांजली अर्पित की गई।

Comments
Post a Comment