ई अटेंडेंस सभी विभागों पर लागू हो
मप्र शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापनबैतूल। मप्र शिक्षक संघ द्वारा आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय मध्यप्रदेश भोपाल के नाम से जिला प्रशासन को मप्र मे शुरू हो रही ई अटेंडेंस पर रोक लगाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। संघ के जिला अध्यक्ष दिलीप गीते ने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा पूर्व मे भी ई अटेंडेंस प्रारंभ करने का प्रयास किया गया था, परंतु यह व्यवस्था अव्यवहारिक और शिक्षक समाज को जन सामान्य के बीच अच्छी छवि नही बनाती है एवं शिक्षा जैसे पवित्र कार्य को करने वालो के लिए अपमानजनक व्यवस्था है। सचिव मदन यादव ने बताया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इस व्यवस्था को अपमानजनक व्यवस्था बताकर बंद कर दिया था एवं पुन: इस व्यवस्था को शुरू नहीं करने का आश्वासन दिया था। जिला संगठन मंत्री बीआर ठाकरे ने बताया कि वर्तमान मे इस ई अटेंडेंस के विरोध मे प्रदेश के शिक्षकों मे रोष है। यह व्यवस्था पूर्णत: मोबाइल पर आधारित है जो स्कूलों मे मोबाइल के उपयोग को बढ़ावा देती है। मोबाइल खराब होने, नेटवर्क नहीं मिलने, गुमने या घर पर भूल जाने से इस व्यवस्था से परेशानी होगी जिसमे शिक्षक भौतिक रूप से दिनभर स्कूल मे उपस्थित रहेगा परंतु मोबाइल के अभाव मे अनुपस्थित माना जायेगा। शिक्षक की निगरानी अवश्य हो परंतु ऐसी हो कि मानवीय गरिमा का ह्रास न हो। अगर हम वास्तव मे शिक्षा को प्रभावी बनाना चाहते है तो विश्वास और सम्मान का रिश्ता बनाये रखना होगा। लेकिन अनुशासन की कीमत संवेदनाओं की अनदेखी करके नहीं चुकानी चाहिए। ज्ञापन में मांग की गई है कि यदि शिक्षक के लिए यह व्यवस्था लागू ही की जाना है तो राज्य सरकार के अंतर्गत आने वाले सभी विभागों के कर्मचारियों पर भी लागू की जाना चाहिए। ज्ञापन सौंपते समय संघ के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे।
.jpg)
Comments
Post a Comment